रबूपुरा(संवाद)। रबूपुरा-मिर्जापुर मार्ग पर अस्थाई धान मंडी में धान की बंपर आवक से कारोबारियों के चेहरे खिल उठे। शनिवार सुबह से ही मंडी गेट पर ट्रैक्टर-ट्रालियां की लंबी कतार लगी रहीं। इसके चलते रबूपुरा-दनकौर रोड पर चलने वाले वाहनों की गति कम हो गई। रबूपुरा की अनाज मंडी में 17 कच्चे, पांच पक्के कारोबारी और काफी संख्या में पल्लेदार हैं। जेवर तहसील क्षेत्र के 80 गांव के अलावा अन्य आसपास के क्षेत्रीय किसान भी मंडी में अपनी धान की फसल बेचने पहुंच रहे हैं। मंडी प्रधान विजय लाल ने बताया धान की अच्छी आमद से कारोबारी और पल्लेदार सभी खुश हैं। गत वर्षों की भांति इस वर्ष धान के भाव में 500 रुपये से लेकर 700 से ज्यादा रुपये की बढ़त से किसानों के चेहरों पर भी प्रसन्नता नजर आ रही है।