परिषदीय स्कूलों में शुरु हुईं सत्रीय परीक्षा
ग्रेटर नोएडा। चारों ब्लॉक के परिषदीय स्कूलों में बुधवार से सत्रीय परीक्षा शुरु हो गई। परीक्षा के पहले दिन कक्षा एक से पांच तक के छात्रों की मौखिक परीक्षा कराई गई, जबकि कक्षा छह से आठ तक के छात्र-छात्राओं ने लिखित परीक्षा में हिस्सा लिया। स्कूलों में परीक्षा को लेकर छात्रों में उत्साह दिखाई दिया। जुलाई में पढ़ाए गए पाठों से सवाल पूछे गए। शिक्षकों ने बताया, सत्रीय परीक्षा के माध्यम से बच्चों की शैक्षणिक प्रगति का मूल्यांकन किया जाता है, जिससे उनकी कमजोरियों को पहचानकर आगे की पढ़ाई में आवश्यक सुधार कराया जा सके। बीएसए राहुल पंवार ने बताया, परीक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है। आगामी दिनों में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अन्य विषयों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। ब्यूरो