नोएडा। सेक्टर-151ए में प्रस्तावित हेलीपोर्ट योजना के टेंडर को निरस्त किया जाएगा। प्राधिकरण ने इस संबंध में शासन को प्रस्ताव भेजा है। शासन ने हेलीपोर्ट निर्माण के लिए निकले टेंडर में एक भी आवेदक के शामिल होने पर भी टेक्निकल बिड खोलने की अनुमति दी थी। इसके बाद एक एजेंसी के टेंडर डालने पर बिड खोली गई। इसमें दक्षिण भारत की कंपनी रिफेक्स इंडस्ट्रीज ने टेंडर डाला था, लेकिन दस्तावेज की जांच में कमियां मिलने पर 10 दिन का समय कंपनी को दिया गया था। इसके बाद भी कंपनी टेंडर के मानक पर खरी नहीं उतरी। प्राधिकरण की सीईओ रितु माहेश्वरी ने बताया कि हेलीपोर्ट परियोजना का टेंडर निरस्त करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। वहां से हरी झंडी के बाद दोबारा टेंडर निकाला जाएगा।
यह परियोजना
- 9.35 एकड़ में किया जाएगा तैयार
- अनुमानित लागत-43 करोड़ रुपये।
- भूमि की लागत-22.7 करोड़ रुपये।
- एक साथ तीन हेलीकॉप्टर पार्क होंगे।
- एमआई-172 हेलीकॉप्टर लैंड कराने की सुविधा