-बार-बार बिजली गुल होने के साथ लो वोल्टेज से भी लोग परेशान
यमुना सिटी (संवाद)। यमुना सिटी में लगातार बिजली कटौती से लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। बार-बार बिजली गुल होने से रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। मंगलवार को कई घंटे बिजली कटौती के साथ लोगों को लो वोल्टेज की समस्या भी झेलनी पड़ी। रबूपुरा में दोपहर करीब 1:30 बजे बिजली गुल हुई, जो दो बजे के बाद बहाल हुई। बिजली आने के बाद भी वोल्टेज काफी कम रहा। पंखे चलना तो दूर एलईडी लाइटें भी ठीक से नहीं चल सकीं। शाम करीब पांच बजे तक यही स्थिति बनी रही, इसके बाद वोल्टेज में सुधार हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की समस्या लगातार बनी हुई है। कई बार आपूर्ति बहाल होने के कुछ समय बाद ही फिर बिजली गुल हो जाती है। लोगों ने बिजली अधिकारियों से अघोषित कटौती और लो वोल्टेज की समस्या दूर कर आपूर्ति व्यवस्था में सुधार कराने की मांग की है।