ग्रेटर नोएडा (संवाद)। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (एबीआरएसएम) व राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उत्तर प्रदेश के आह्वान पर बृहस्पतिवार को टीईटी अनिवार्यता के विरोध में गौतमबुद्ध नगर के शिक्षकों ने प्रदर्शन किया। सूरजपुर स्थित कलेक्ट्रेट कार्यालय पर हुए प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष व मंडल अध्यक्ष अशोक यादव ने किया। प्रदर्शन के बाद शिक्षकों ने जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री, केंद्रीय शिक्षा मंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी को संबोधित ज्ञापन सौंपा। अशोक यादव ने कहा कि महासंघ टीईटी लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर इसकी अनिवार्यता थोपे जाने का विरोध कर रहा है। उन्होंने कहा कि टीईटी अनिवार्यता को पूर्व प्रभाव से लागू करना कानून की मूल भावना के अनुरूप नहीं है और इससे हजारों शिक्षकों के हित प्रभावित हो रहे हैं। प्रदर्शन रविंद्र रोसा, अजब सिंह भाटी, राकेश नागर, मोहित कुमार, रुचि चौहान व सुनील कुमार, रणधीर सिंह समेत अन्य मौजूद थे।