ग्रेटर नोए़डा। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ब्लॉक दनकौर ने नवागत खंड शिक्षा अधिकारी पोप सिंह का स्वागत कर शिक्षक और छात्रहित से जुड़ा 22 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। मांगपत्र में चयन वेतनमान, लंबित एरियर, वेतन विसंगतियों, चिकित्सा प्रतिपूर्ति, एनपीएस-जीपीएफ, पदोन्नति और वरिष्ठता संबंधी मामलों के निस्तारण की मांग की गई। साथ ही प्रत्येक माह की पांच तारीख तक वेतन भुगतान, सेवा पुस्तिकाओं के अद्यतन, एकल शिक्षक विद्यालयों में वैकल्पिक शिक्षक व्यवस्था और स्कूलों की मूलभूत सुविधाएं बेहतर करने के मुद्दे उठाए गए। विद्यार्थियों के आधार और यूडीआईएसई प्लस पोर्टल से जुड़ी समस्याओं के समाधान पर भी जोर दिया गया। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष सतीश पीलवान, मंत्री रामकुमार शर्मा, कोषाध्यक्ष निर्मला त्यागी समेत संगठन के जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी मौजूद रहे। ब्यूरो