बकरीद मनाकर लौट रहे शिक्षक की सड़क दुर्घटना में मौत
फिरोजपुर झिरका/नगीना। घागस गांव में ईद की खुशियां उस समय मातम में बदल गई जब उनके गांव के एक होनहार युवक की सड़क दुर्घटना में सोमवार सुबह मौत हो गई। मृतक का नाम मोहम्मद आमिद खान था। वह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नगीना में मनोविज्ञान प्रवक्ता था। यह हादसा गुरुग्राम-अलवर हाइवे पर हुआ। युवक अपनी बहन के घर से बकरीद मनाकर लौट रहा था। इसी बीच गांव भोलाबास के निकट एक अज्ञात वाहन ने युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे आस-पास के लोगों ने मांडीखेड़ा अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत को देखते हुए दिल्ली स्थित एम्स रेफर कर दिया, जहां आमिद ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। युवक की मौत का समाचार सुनकर गांव घागस सहित इलाके में मातम छा गया। मौत पर शिक्षक समाज ने दुख जताते हुए परिवार को सांत्वना दी।