ग्रेटर नोएडा (संवाद)। नॉलेज पार्क स्थित गलगोटिया कॉलेज में बुधवार को मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता, संगीत गायन कार्यक्रम और पुरस्कार समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक कर उनकी रचनात्मक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना था। मानसिक स्वास्थ्य विषय पर आयोजित जागरूकता सत्र में विशेषज्ञों और शिक्षकों ने छात्रों को तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच और संतुलित जीवनशैली के महत्व के बारे में बताया। संगीत गायन कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने मधुर प्रस्तुतियां दीं। वहीं, पुरस्कार समारोह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।