लालानगर-भदोही। गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के रामपुर घाट पर एक तांत्रिक ने झाड़-फूंक के बहाने अंधी युवती से दुष्कर्म किया। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी तांत्रिक को गिरफ्तार कर लिया है। प्रयागराज जिले के उतरांव थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी महिला की 30 वर्षीय बेटी आंखों से देख नहीं सकती। उसकी तबीयत लंबे समय से खराब चल रही थी। इलाज के बहाने महिला अपनी बेटी को प्रयागराज, सरायमरेज थानाक्षेत्र के मसाड़ी गांव निवासी तांत्रिक पृथ्वीराज भारतीय के पास लेकर गई थी। तांत्रिक झाड़-फूंक के बहाने मां और बेटी को रामपुर घाट ले आया। वहां उसने महिला को बहकाकर उसकी अंधी बेटी के साथ दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी होने पर पीड़िता की मां ने गोपीगंज कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी तांत्रिक को गिरफ्तार कर लिया है। गोपीगंज कोतवाली प्रभारी शैलेष राय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी से पूछताछ की जा रही है।