नोएडा। सेक्टर-96 स्थित प्राधिकरण के प्रशासनिक भवन पर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के बैनर तले किसानों का धरना बुधवार को भी जारी रहा। राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत धरनास्थल से ट्रैक्टर से प्राधिकरण दफ्तर के अंदर गए। फिर 17 सूत्रीय मांग को लेकर सीईओ कृष्ण करुणेश व अन्य अधिकारियों के साथ बैठक हुई। करीब दो घंटे तक चली बैठक में सीईओ ने उचित मांगों को जल्द पूरा किए जाने का आश्वासन दिया। राकेश टिकैत ने कहा कि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। भाकियू के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने बताया कि अभी धरना जारी रखने का निर्णय लिया गया है। ब्यूरो