नोएडा (संवाद)। अमरनाथ यात्रा के लिए शिव शक्ति जन सेवा संस्था दिल्ली-नोएडा की ओर से बालटाल (कश्मीर) में लगाए जाने वाले भंडारे की तैयारियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को सेक्टर-9 स्थित संस्था कार्यालय से पूजा-अर्चना के बाद भंडारे की सामग्री बालटाल भेजी गई। इससे पहले दोपहर 12:30 बजे भंडारा प्रसाद का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। संस्था के चेयरमैन डीपी गोयल ने बताया कि इस वर्ष अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से 28 अगस्त तक चलेगी। यात्रा के दौरान बालटाल के दोमेल रोड स्थित भंडारे में श्रद्धालुओं को निशुल्क भोजन, चाय, नाश्ता और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि संस्था पिछले 23 वर्षों से बाबा बर्फानी के भक्तों की सेवा कर रही है। इस अवसर पर अनिल गोयल, संजय भूषण, मनोज गुप्ता, विकास वर्मा सहित संस्था के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में शिवभक्त उपस्थित रहे।