संवाद न्यूज एजेंसी
रबूपुरा। रक्षाबंधन और जन्माष्टमी जैसे बड़े त्योहारों से पहले चीनी, तेल और मसालों के दामों में तेजी से आमजन की परेशानी बढ़ गई है। स्थानीय दुकानदारों और ग्राहकों के मुताबिक पिछले आठ दिनों में चीनी के दाम में भारी उछाल आया है। पहले 42 रुपये किलो बिकने वाली चीनी अब 65 रुपये किलो तक पहुंच गई है। वहीं, रिफाइंड और सरसों के तेल के दाम भी बढ़ गए हैं। मिर्च, धनिया, हल्दी समेत अन्य मसालों की कीमतों में भी वृद्धि हुई है। त्योहारों के दौरान चीनी और तेल की मांग बढ़ने के बीच अचानक कीमतों में आई तेजी से मध्यमवर्गीय परिवारों का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है। लोगों का कहना है कि रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम बढ़ने से रसोई का खर्च लगातार बढ़ रहा है।