ग्रेटर नोएडा। मिशन शक्ति अभियान के तहत मंगलवार को दादरी थाना क्षेत्र के मिहिर भोज इंटर कॉलेज में एनसीसी कैडेट्स के लिए यातायात जागरूकता कार्यक्रम हुआ। इसमें छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की जानकारी दी गई। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, उनके अधिकारों और आपातकालीन सहायता सेवाओं के बारे में भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम में करीब 50 छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने हिस्सा लिया। वाहन चलाते समय सावधानी बरतने, दोपहिया वाहन पर हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने और यातायात संकेतों का पालन करने की जानकारी दी गई। एडीसीपी महिला सुरक्षा मनीषा सिंह ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनाना और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।