-विद्यार्थियों को न्यूनतम 3.5 लाख और अधिकतम 12.5 लाख के ऑफर मिले
-बीते साल के 204 ऑफर के मुकाबले में इस बार मिले दोगुने से ज्यादा ऑफर
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सत्र 2022-23 के आखिरी प्लेसमेंट सत्र में छात्रों को बंपर जॉब ऑफर हुए हैं। बीते सप्ताह हुए दो दिवसीय प्लेसमेंट व इंटर्नशिप मेले में विभिन्न कंपनियों ने 583 जॉब ऑफर किए हैं। इसके लिए न्यूनतम 3.5 लाख व अधिकतम 12.5 लाख रुपये की नौकरी की पेशकश हुई है। कंपनियों का रिस्पांस काफी अच्छा रहा है, इस कारण से बीते साल के मुकाबले में दुगुने से ज्यादा नौकरी ऑफर किए गए हैं।
डीयू के डीन स्टूडेंट वेलफेयर के तत्वाधान में सेंट्रल प्लेसमेंट सेल (सीपीसी) की ओर से नियमित कॉलेजों के यूजी व पीजी छात्रों को जॉब ऑफर देने के लिए 18-19 अप्रैल को इंटर्नशिप व जॉब मेला आयोजित किया गया था। इसमें एयर इंडिया, जेनपेक्ट, अमेजन, साही एक्सपोर्ट, एक्सपर्ट ग्लोबल, कैरियर लांचर, वर्ल्ड वाइल्ड लाइफ फंड, विप्रो, कोटक, बजाज, एसेंचर समेत तीस कंपनियां कैंपस पहुंची थी। डीयू के सेंट्रल प्लेसमेंट इंचार्ज डॉ हेना सिंह ने बताया कि इस बार यूजी-पीजी के छात्रों को 583 जॉब व इंटर्नशिप ऑफर हुए हैं। कंपनियों का रिस्पांस काफी अच्छा रहा है। हमें इतने ऑफर की उम्मीद नहीं थी। यह बीते साल के मुकाबले में दुगुने से ज्यादा है। बीते साल 204 ऑफर हुए थे। इस बार छात्रों ने भी प्लेसमेंट में हिस्सा लेने में रुचि दिखाई है। अब छात्रों को कंपनियों की ओर से अंतिम पत्र मिलना बाकी है। अब देखना होगा कि कितने छात्र इन ऑफर को स्वीकार करते हैं। मालूम हो कि यह प्लेसमेंट सत्र चालू सत्र का अंतिम सेशन था। अब जुलाई में जब नया सत्र शुरु होगा उसके बाद सितंबर से प्लेसमेंट के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरु की जाएगी। अक्टूबर में पहला प्लेसमेंट सेशन शुरु किया जाएगा।