अमर उजाला शिक्षक सम्मान-2024 में चयनित होने पर शिक्षक काफी खुश हैं। वह कहते हैं कि छात्रों ने गुरु दक्षिणा में सर्वश्रेष्ठ शिक्षक का खिताब दिया हैं। अब अमर उजाला के समारोह में पुरस्कार लेने की बारी है। जो उनके लिए यादगार पल होगा। इस पल को खास बनाने के लिए शिक्षक परिवार और दोस्तों के साथ समारोह में शामिल होने की तैयारी में जुट गए हैं।
ग्रेनो वेस्ट के जीडी गोयंका इंटरनेशनल स्कूल के छात्रों ने इस वर्ष नीतू दास को सर्वश्रेष्ठ शिक्षक चुना हैं। नीतू कहती हैं कि अमर उजाला ने एक खास मौका दिया है। सोचा नहीं था कि मतदान में उन्हें सबसे अधिक वोट मिलेंगे। वह कहती हैं कि स्कूल में छात्रों को अपने आसपास की दुनिया को जानने, समझने और उससे जुड़ने के लिए प्रेरित करती हूं। उन्होंने इस खिताब के लिए अमर उजाला को धन्यवाद कहा है।
वहीं एमसी गोपीचंद इंटर कॉलेज के जयनेश भारद्वाज का कहना है कि अमर उजाला की पहल साकारात्मक है। जयनेश के मुताबिक वोटिंग का परिणाम पता लगने के बाद से परिवार काफी खुश है। आरवी नॉर्थलैंड इंटरनेशनल स्कूल की शिक्षिका आरजू और सिटी हार्ट एकेडमी स्कूल के शिक्षक तरुण रौसा कहते हैं कि अमर उजाला के इस सम्मान से भविष्य में बेहतर करने की प्रेरणा मिलेगी।
बिहारी लाल इंटर कॉलेज के शिक्षक जय प्रकाश, पटेल इंटर कॉलेज की शिक्षिका प्रीति सेंगर, पंडित सालगराम जूनियर हाईस्कूल की शिक्षिका प्रियंका शर्मा ने भी अमर उजाला को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षक सम्मान कार्यक्रम जारी रहना चाहिए। इससे शिक्षकों के अंदर अच्छा प्रदर्शन करने की होड़ पैदा होगी। वह बच्चों को और बेहतर तरीके से पढ़ाना शुरू करेंगे। ताकि भविष्य में बच्चों के प्रिय शिक्षक बन सकें।
छात्रों ने वोटिंग के जरिये मुझे चुना है। निश्चत तौर पर एक शिक्षक के तौर पर सम्मान मिलना गर्व की बात है। इसे पाकर लगता है कि बच्चों को पढ़ाने में की गई मेहनत सफल रही। इस खुशी में परिवार भी शामिल होगा। दोस्तों और परिजनों के साथ कार्यक्रम में शिकरत करूंगी। - रश्मि सिंह, रायन इंटरनेशनल स्कूल
जब से मुझे इस बात का पता चला मेरी खुशी को ठिकाना नहीं है। छात्र छात्राओं को हर संभव तरीके से पढ़ाने की कोशिश करती हूं। शायद उन्हें मेरा प्रयास पसंद आया। इसलिए वोट कर मुझे चुना। परिजनों के साथ कार्यक्रम में आउंगी। यह बेहद खास पल होने वाला है। - जूही श्रीवास्तव, मानव रचना स्कूल।