नोएडा (संवाद)। सेक्टर-39 स्थित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सोमवार को साहित्यिक एवं सांस्कृतिक समिति के तत्वावधान में विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ. दिनेश चंद ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की सृजनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहन देना रहा। कार्यक्रम में निबंध लेखन, संस्कृत श्लोक एवं गीत प्रतियोगिता के साथ स्पेल बी प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ। निबंध लेखन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता का मानव जीवन पर प्रभाव विषय पर प्रतिभागियों ने प्रभावशाली विचार प्रस्तुत किए। संस्कृत श्लोक गायन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने वैदिक मंत्रोच्चार से वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया। डॉ. नीतू अवस्थी और डॉ. अभिषेक भारद्वाज ने सफलता से संचालन किया। निर्णायक मंडल में डॉ. अनीता कुमारी, डॉ. अपर्णा गौतम, डॉ. ममता गौतम और डॉ. आकांक्षा तिवारी शामिल रही।