ठाकुरद्वारा। नगर निवासी कक्षा 8 में पढ़ने वाले छात्र की गला दबाकर हत्या कर दी गई। आरोपी छात्र को गंभीर और बेहोशी की हालत में नगर के सरकारी अस्पताल में फेंक कर फरार हो गए थे। बाद में उसकी कॉसमॉस हॉस्पिटल मुरादाबाद इलाज के दौरान मौत हो गई। छात्र के परिजनों और रिश्तेदारों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मुरादाबाद हाईवे जाम करने का प्रयास किया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों और भाजपा नेताओं ने उन्हें समझा कर शांत किया। पांच लोगों के खिलाफ छात्र की हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। नगर के मोहल्ला वार्ड 22 निवासी रिंकू कश्यप पुत्र राजकुमार ने पुलिस को तहरीर देकर कहा कि उसका पुत्र सूरज (16) नगर के मुस्लिम इंटर कॉलेज में कक्षा आठ में पढ़ता था। वह 20 नवंबर को अपराह्न 3:00 बजे अपनी मौसी बबली गांव फरीदनगर निवासी के घर पर गया हुआ था। मौसी घर पर नहीं मिली। काफी देर बाद वह वापस घर नहीं लौटा तब किसी ने शाम को फोन पर उसकी पत्नी सुनीता को बताया कि उसका पुत्र सरकारी अस्पताल में गंभीर हालत में पड़ा हुआ है। जिस पर उसकी पत्नी सुनीता उसके दोस्त नसीम अहमद, जावेद आदि के साथ सरकारी अस्पताल पहुंचे। सूरज की गंभीर हालत देखते हुए उसे पहले काशीपुर के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। फिर उसे मुरादाबाद के कॉसमॉस अस्पताल में ले गए। वहां पर इलाज के दौरान रात करीब 11:00 बजे उसकी मृत्यु हो गई। रिंकू का आरोप है कि उसके पुत्र सूरज की हत्या उसका गला घोटकर और उसके नाजुक अंगों को गंभीर चोट पहुंचाकर की गई है। रिंकू के अनुसार करीब एक वर्ष पूर्व उसके पुत्र सूरज की गांव निवासी उसकी मौसेरी बहन की शादी समारोह में डीजे पर डांस के विवाद में गांव के कुछ युवकों से कहा सुनी हो गई थी। जिसमें गांव के प्रधान ने समझौता करा दिया था। इसी रंजिश में उन्होंने उसके पुत्र की हत्या की है। पोस्टमार्टम के बाद रिंकू का शव शुक्रवार को शाम करीब 4:00 घर पर पहुंचा। परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मुरादाबाद हाईवे के पास पहुंचकर जाम लगाने का प्रयास किया। जानकारी मिलने पर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मनोज परमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। भाजपा नेता शिवेंद्र गुप्ता आदि भी वहां पर आ गए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से बातचीत की। जिस पर पुलिस ने बताया कि रिंकू की तहरीर पर हत्या का मुकदमा कम कर लिया गया है। जिसमें फरीदनगर निवासी कलुआ और उसके भाई शेर सिंह, इसी गांव के अर्जुन और दो अज्ञात लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस ने रिपोर्ट में नामजद आरोपियों की भी शीघ्र गिरफ्तारी करने का आश्वासन दिया। जिस पर लोग शांत हुए। कोतवाली के एसएसआई बृजेंद्र सिंह ने बताया कि पीएम रिपोर्ट में रिंकू की मौत गला दबाकर होने से हुई है। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और उनकी तलाश में पुलिस छापे मार रही है। उधर रिंकू की मौत से उसकी मां सुनीता, बहन लक्ष्मी, भाई अंश और प्रिंस का रोते हुए बुरा हाल था।