बिलासपुर (संवाद)। मंडीश्यामनगर कस्बे में अधिकांश स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से खराब पड़ी हैं। शाम होते ही मोहल्लों में अंधेरा छा जाता है। स्थानीय निवासी राम अवतार शर्मा, अजय कुमार और विनोद भाटी ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर सुबह पांच बजे से रात 11 बजे तक ट्रेनों का आवागमन रहता है। ऐसे में अंधेरे के कारण यात्रियों और ग्रामीणों को परेशानी होती है। बारिश के दिनों में स्थिति और खराब हो जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार प्राधिकरण अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। लोगों ने जल्द स्ट्रीट लाइटें ठीक कराने की मांग की है।