ग्रेटर नोएडा (संवाद)। गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा वेस्ट, दादरी और जेवर को जोड़ने वाली 130 मीटर रोड पर इन दिनों लावारिश गोवंश की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। अचानक से सड़क के बीच में आने से वाहनों के हादसाग्रस्त होने का डर बना रहता है। कई बार गोवंश को पकड़ने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से मांग की गई है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट से तिलपता गोल चक्कर, पैरामाउंट सोसाइटी और जैतपुर गांव के नजदीक सबसे अधिक गोवंशों का जमावड़ा रहता है। इस मार्ग पर गोवंश के कारण कई गंभीर हादसे हो चुके हैं।ग्रामीण क्षेत्रों के लोग कई बार ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों से गोवंश को पकड़कर गोशालाओं में संरक्षित करने की मांग कर चुके हैं। अभियान के नाम पर इक्का-दुक्का गोवंश को पकड़कर औपचारिकता पूरी कर ली जाती है। गौतमबुद्ध नगर के मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी का कहना है कि इस संबंध में प्राधिकरण के अधिकारियों को पत्र भेजा जा रहा है। 130 मीटर रोड से गोवंश को पकड़कर गोशालाओं में संरक्षित कराया जाएगा।