रबूपुरा (संवाद)। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। बीते दिनों आंधी और बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। वहीं मंगलवार को फिर बारिश हुई जिसके कारण खेतों में पानी भर गया और खेतों में पककर खड़ी फसल को नुकसान हो गया। वहीं जो फसल कट चुकी है और खेतों में रखी है, वह भी भीगकर खराब हो रही है। गांव मकसूदपुर निवासी संजय शर्मा एवं गांव म्याना निवासी ओमान सिंह ने बताया कि उनकी करीब 30 बीघा गेहूं की फसल थी, जिसमें से कुछ कट चुकी थी कुछ खड़ी हुई है। मंगलवार को हुई बारिश के कारण फसल पूरी तरह खराब हो गई।