गिरोह सरगना गिरफ्तार, चुराए गए छह मोबाइल बरामद
-
4.50 लाख की खरीदारी की एक पीड़ित के पेटीएम के जरिये
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। अगर मोबाइल में पेटीएम डाउनलोड है और आपने पिन कोड नहीं लगा रखा है तो सावधान हो जाएं। दक्षिण जिले की साइबर थाना पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है जिसके बदमाश मेट्रो में मोबाइल चुराते थे और पेटीएम से पैसे खाते में ट्रांसफर कर लेते थे। इसके अलावा खरीदारी भी करते थे। पुलिस ने सरगना सैमसन सचदेवा उर्फ विक्की को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने इसके कब्जे से चोरी के छह मोबाइल बरामद किए हैं।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अशोक दुबे सैमसंग में काम करता है। कुछ महीने पहले हौजखास से आईएनए के बीच मेट्रो में किसी ने उसका मोबाइल चुरा लिया था। दक्षिण जिले की साइबर थाना प्रभारी अरुण कुमार वर्मा की देखरेख में हवलदार रामवीर, हवलदार संदीप और हवलदार तरुण की टीम जांच कर रही थी। जांच में पता लगा कि अशोक के मोबाइल में पेटीएम था जिससे चार बैंकों के चार क्रेडिट कार्ड जुड़े हुए थे। आरोपी ने अशोक के पेटीएम से साढ़े चार लाख रुपये की खरीदारी कर ली और 98 हजार रुपये खाते में ट्रांसफर कर लिए। हवलदार संदीप को जांच में पता लगा कि पैसे सैमसन सचदेवा के बैंक खाते में गए हैं। पहले उसने नेबसराय में छिपने के ठिकाना बनाया। फिर महरौली चला गया। इसके बाद वह नेपाल चला गया। दो-तीन महीने तक अपने छिपने के ठिकाने बदलता रहा। आखिरकार पुलिस टीम ने उसे वसंतकुंज इलाके से बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया।
फर्राटेदार बोलता है अंग्रेजी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार 12वीं तक पढ़ा सैमसन फर्राटेदार अंग्रेजी बोलता है। वह सूट-बूट पहनकर मेट्रो में सफर करता था और मोबाइल चुरा लेता था। पुलिस को इसके पास से चोरी के छह मोबाइल बरामद किए हैं। पुलिस को आशंका है कि इन मोबाइल में भी डाउनलोड पेटीएम से आरोपी ने पैसे ट्रांसफर किए होंगे। पुलिस इस बात की जांच कर साथियों की भी तलाश कर रही है।