फरीदाबाद। थाना एनआईटी पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले का खुलासा करते हुए सौतेले पिता को गिरफ्तार किया है। वह कई माह से दुष्कर्म कर रहा था। पेट में दर्द की शिकायत पर उसे अस्पताल में ले जाया गया तो मामले का खुलासा हुआ। करीब तीन माह की जांच के बाद आरोपी का पता लग सका। मामले के खुलासे पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
थाना एनआईटी प्रभारी इंस्पेक्टर सुनीता की टीम पिछले तीन महीनों से केस की जांच में जुटी थी। उन्होंने बताया मूल रूप से झांसी निवासी पिता (35) एनआईटी इलाके में रह रहा था। आरोपी कई महीने से अपनी सौतेली बेटी के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दे रहा था। पेट दर्द की शिकायत पर उसे बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच में वह पांच माह की गर्भवती मिली। पिता ने एक फर्जी आरोपी का नाम बताकर पुलिस को गुमराह किया था। आरोपी ने पीड़िता को भी अनजान व्यक्ति के नाम से शिकायत देने का दबाव बनाया। पीड़िता ने पांच मई 2022 को आरोपी पिता के साथ आकर एनआईटी थाने में शिकायत दी। पीड़िता ने बताया कि उसकी उम्र 13 साल है। मां की छह साल पहले मृत्यु हो चुकी है। उसकी दो छोटी बहनें हैं।
मेडिकल कराने के बाद से फरार था पिता
पीड़िता को मेडिकल के लिए बीके अस्पताल ले जाया गया तो आरोपी अपनी दोनों छोटी बेटियों को लेकर फरार हो गया। पुलिस को उस पर शक हो गया और उन्होंने बच्ची से इसके बारे में पूछताछ की। लेकिन उसने कुछ नहीं बताया। बाल कल्याण समिति और महिला पुलिस ने बच्ची के साथ काउंसलिंग की। काफी समय बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।