नेताजी इंडोर स्टेडियम, कोलकाता में आयोजित 10वीं इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप – इंडियन चैलेंजर्स क
ग्रेटर नोएडा (संवाद)। गौतमबुद्ध नगर के युवा कराटे खिलाड़ियों ने पश्चिम बंगाल में आयोजित 10वीं ओपन अंतरराष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप इंडियन चैलेंज कप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से खेल प्रेमियों और प्रशिक्षकों में खुशी का माहौल है। कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में 31 जुलाई से 2 अगस्त तक आयोजित प्रतियोगिता में देश-विदेश के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। गौतमबुद्ध नगर के चार खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में दमदार प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम किए। 35 किग्रा भार वर्ग में ग्रेटर नोएडा वेस्ट निवासी दर्श खुराना ने स्वर्ण पदक जीता। 68 किग्रा वर्ग में कासना निवासी अंकित कुमार और घरबरा निवासी हरदीप भाटी ने भी स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। वहीं 40 किग्रा वर्ग में सेक्टर पी-3, जलशक्ति विहार निवासी जीवांग सिंह कुलियाना ने कांस्य पदक हासिल किया। सभी विजेता खिलाड़ी ग्रेटर नोएडा स्थित द अकादमी ऑफ मार्शल आर्ट्स में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। खिलाड़ियों को कोच राजीव और जुगनवीर प्रशिक्षण देते हैं। कोच राजीव ने बताया कि खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता से पहले लगातार कठिन अभ्यास किया था, जिसका परिणाम पदकों के रूप में मिला। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का प्रतिफल है। उम्मीद है कि वे भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।