ग्रेटर नोएडा (संवाद)। सेक्टर अल्फा दो स्थित समरविल स्कूल ग्रेनो में चल रहे 17वें, डब्ल्यूसी समरविल अंतर विद्यालय फुटबॉल टूर्नामेंट में मंगलवार को तीन मुकाबले खेले गए। टूर्नामेंट में जिले एनसीआर से कई स्कूलों की टीमों ने भाग लिया। स्कूल के स्पोर्ट्स प्रशिक्षक अक्षय शर्मा ने बताया कि लीग मुकाबलों में मंगलवार को पहला मैच सेंट जोसेफ स्कूल ग्रेनो और दिल्ली वर्ल्ड स्कूल के बीच खेला गया। इसमें सेंट जोसेफ स्कूल ने 3-0 से जीत हासिल की। दूसरे मुकाबले में समरविल इंटरनेेशनल नोएडा ने एपीजे स्कूल ग्रेनो को 2-0 से पराजित किया। वहीं, तीसरे मैच में प्रज्ञान स्कूल ग्रेनो ने समरविल स्कूल दिल्ली को 3-0 से हराकर अगले राउंड में प्रवेश किया। टूर्नामेंट का शुभारंभ सोमवार को मुख्य अतिथि लॉट कैरी बैपटिस्ट मिशन के सचिव व ट्रेजरर थॉमस टी राॅय और स्कूल के चेयरमैन अब्राहम मैथ्यू ने किया। स्कूल की प्रधानाचार्य डॉ. मैरी थॉमस ने बताया कि बृहस्पतिवार को फाइनल खेला जाएगा।