जवान को पैतृक गांव सैंज में राजकीय सम्मान के साथ दी अंतिम विदाई
शहीद गोपाल सिंह अमर रहे के नारों से गूंजा गांव
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग(रामपुर बुशहर)। ठियोग क्षेत्र के सैंज गांव के असम में तैनात एसएसबी के एएसआई 45 वर्षीय गोपाल सिंह की शनिवार को हृदय गति रुकने से मृत्यु हो गई थी। मंगलवार को पार्थिव देह पैतृक गांव पहुंची। सुबह जब उनकी पार्थिव देह गांव पहुंची तो पूरा क्षेत्र गमगीन हो गया। अंतिम विदाई लिए सैकड़ों लोग पहुंचे। इस दौरान भारत माता की जय और शहीद गोपाल सिंह अमर रहे के नारे भी गूंजे। गांव में उनके घर के आंगन से लेकर श्मशानघाट तक जनसैलाब उमड़ पड़ा। सीमा सुरक्षा बल की टुकड़ी ने राजकीय सम्मान के साथ शहीद को अंतिम सलामी दी। तिरंगे में लिपटे पार्थिव शरीर के सामने गगनभेदी नारे गूंजते रहे। जब गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया तो हर कोई गर्व से सीना तानकर खड़ा हो गया। शहीद के बेटे अभिषेक ने अपने पिता को मुखाग्नि दी। इस मौके पर ठियोग के डीएसपी सिद्धार्थ शर्मा, तहसीलदार विवेक नेगी, थाना प्रभारी श्याम तोमर, पंचायत उप प्रधान प्रेमदत्त शर्मा, वार्ड सदस्य अनिता मौजूद रहे। उन्होंने शहीद के परिजनों को सांत्वना दी। गोपाल सिंह अपने पीछे 75 वर्षीय मां, पत्नी द्रुपदा (42), एक बेटा अभिषेक (20) और तीन बहनों को छोड़ गए हैं। वहीं, भाजपा के नेता अजय श्याम ने सोशल मीडिया पर डाली पोस्ट में हृदय गति रुकने से जवान की हुई मौत पर शोक प्रकट किया है।