नोएडा (संवाद)। सेक्टर-131 स्थित प्रोमेथियस स्कूल में आज से नोएडा स्पोर्ट टैलेंट हंट का आयोजन होगा। इसमें छह खेलों में एक हजार से अधिक खिलाड़ी प्रतिभा दिखाएंगे। संस्थापक मुकेश शर्मा ने बताया कि उद्देश्य जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को तलाशकर उन्हें 2036 ओलंपिक के लिए तैयार करना है। प्रतियोगिता में शूटिंग, बैडमिंटन, तैराकी, टेबल टेनिस, जिम्नास्टिक और शतरंज के मुकाबले होंगे। आयोजन के अंतिम दिन पैरा एशियन गेम्स के 10 पदक विजेता खिलाड़ी भी शामिल होंगे। इनमें वेटलिफ्टर अशोक मलिक, जैवलिन थ्रोअर अजीत सिंह, तीरंदाज भावना चौधरी और स्वाति चौधरी, बैडमिंटन खिलाड़ी नितेश कुमार और सूर्यकांत यादव, हाई जंप खिलाड़ी प्रवीण कुमार और वरुण सिंह भाटी तथा धाविका सिमरन शर्मा और प्रीति पाल शामिल हैं। अंतिम दिन खिलाड़ियों को सम्मानित कर नकद पुरस्कार दिया जाएगा। प्रोमेथियस स्कूल की ओर से स्वर्ण पदक विजेता को एक लाख, रजत पदक विजेता को 75 हजार और कांस्य पदक विजेता को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे। आयोजकों के अनुसार, खिलाड़ियों की मौजूदगी से युवा प्रतिभाओं को प्रेरणा मिलेगी और उन्हें खेलों में आगे बढ़ने का प्रोत्साहन मिलेगा।