सूरजपुर के दुर्गा गोल चक्कर का हादसा, प्राथमिकी दर्ज
ग्रेटर नोएडा (संवाद)। सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के दुर्गा गोल चक्कर पास तेज रफ्तार कैंटर ने स्कूटी सवार डिलीवरी बॉय को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान प्रवीण सुंदर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मेरठ का रहने वाला है। ग्रेटर नोएडा में रहकर डिलीवरी बॉय का काम करता है। भाई प्रवेश ने पुलिस को बताया कि 2 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे प्रवीण स्कूटी से आर्डर लेकर जा रहा था। तेज रफ्तार कैंटर ने लापरवाही से चलाते हुए उसकी स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही प्रवीण सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पुलिस पहुंची, पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। कोतवाली प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।