यमुना एक्सप्रेसवे पर 100 से ज्यादा की रफ्तार तो चालान
नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर एक बार फिर वाहनों की रफ्तार को लेकर जिला प्रशासन और सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इस दौरान कार के लिए 100 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड तय की गई है। जबकि व्यावसायिक वाहनों की रफ्तार 60 किलोमीटर कर दी गई है। तय स्पीड से ज्यादा वाहन दौड़ते पाए गए तो चालान काटा जाएगा। इसके अलावा जिले में 10 और 15 साल पुराने वाहनों को रोकने के लिए परिवहन विभाग, यातायात पुलिस और प्रदूषण बोर्ड मिलकर कार्रवाई करेंगे। बैठक की अध्यक्षता एडीएम प्रशासन दिवाकर सिंह ने की। बैठक में जेपी ने बताया कि दो माह में जेवर टोल की ओर से आने वाली सड़क पर कुछ और सीसीटीवी कैमरे लगेंगे। इसके अलावा ओवर स्पीड करने वाले वाहनों के लिए अब इंटरसेप्टर को हर सप्ताह एक्सप्रेसवे पर लगाया जाएगा। जिन स्थानों पर हादसे की आशंका रहती है वहां पीडब्ल्यूएडी विभाग 15 दिन में साइनबोर्ड लगवाएगा। एआरटीओ प्रशांत तिवारी ने बताया कि कोहरे से पहले वाहनों पर रेट्रो टेप लगवाए जाएंगे। टेप नहीं होने पर चालान किया जाएगा।