ग्रेटर नोएडा (संवाद)। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी तिथि पर 22 नवंबर को रवि प्रदोष व्रत रखा जाएगा। यह व्रत भगवान शिव और माता पार्वती को समर्पित है। महीने में दो बार यह व्रत रखा जाता है। इस दिन श्रद्धालु भगवान शिव की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करेंगे। शहर के मंदिरों में श्रद्धालु जलाभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना करेंगे। सूर्यास्त के आसपास का समय यानी प्रदोष काल पूजा के लिए विशेष माना जाता है। नवादा स्थित श्री शीतला माता मंदिर के आचार्य रामचेतन गिरि ने बताया कि प्रदोष काल में भगवान शिव की पूजा का विशेष महत्व है। रवि प्रदोष पर श्रद्धालु शिव परिवार की आराधना कर सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हैं।