यमुना सिटी के रबूपुरा में शनिवार को हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी किसानों पर आफत बनकर बरसी। चिंगारी के कारण गांव फलैदा, मारहरा और आकलपुर में किसानों के खेतों में पककर खड़ी फसल में आग लग गई। देखते ही देखते गेहूं की फसल जलनी शुरू हो गई।
आसपास के खेतों में काम कर रहे किसानों ने जब आग देखी तो उन्होंने आग बुझाने का काम शुरू किया और अधिकारियों को सूचना दी। लेकिन कई किसानों के खेत आग की जद में आ गए।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव कलूपुरा और मारहरा में खेतों के पास जंगल से बिजली की हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। किसानों ने बताया कि शनिवार दोपहर 3-4 बजे के आसपास अचानक हाईटेंशन लाइन से चिंगानी निकली और खेत में आकर गिरी। खेतों में फसल पककर तैयार है और पूरी तरह से सूख गई है।
चिंगारी के कारण फसल में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। इसमें गहनपाल, अशोक, बिट्टू, दिलावर, ज्ञान सिंह, प्रीतम, नरेंद्र और जयकेश समेत कई किसानों की करीब 40-50 बीघा फसल जल गई।
ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चलाकर आसपास की फसल को काटते हुए किसी तरह आग पर काबू पाया। लेकिन इसमें किसानों का काफी नुकसान हो गया। किसानों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बाद भी दमकल की गाड़ी दो घंटे देरी से पहुंची, जिसके कारण किसानों का काफी नुकसान हो गया।