-भारत और दक्षिण कोरिया के बीच राजनयिक संबंधों की 50वीं वर्षगांठ पर लाइव कॉन्सर्ट का आयोजन
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। दक्षिण कोरिया के पॉप स्टार अउरा और फ्राइडे ने मंगलवार रात शारदा विश्वविद्यालय में आयोजित लाइव कॉन्सर्ट में छात्र-छात्राओं के बीच जमकर धमाल मचाया। हिंदी और कोरियायी गीतों के रिमिक्स पर अलग ही तरह की तान निकालकर दोनों पॉप स्टार्स की टीम ने विद्यार्थियों को थिरकने पर मजबूर कर दिया। भारत और दक्षिण कोरिया के बीच राजनयिक संबंधों की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से लाइव कांसर्ट का आयोजन किया गया।
दक्षिण कोरिया के पॉप कलाकारों में से एक प्रसिद्ध आर्टिस्ट पार्क मिन-जून उर्फ अउरा और म्यूजिक डायरेक्टर और डीजे फ्राइडे ने दुनिया भर में काफी लोकप्रियता हासिल की है। सोशल मीडिया पर लाखों फॉलोअर्स हैं। अउरा और फ्राइडे की लाइव परफॉर्मेंस में उपस्थित छात्रों ने जमकर लुत्फ उठाया। उन्होंने बॉलीवुड फिल्म का गाना जिमी-जिमी आजा-आजा गाया तो छात्र भी उनके साथ नृत्य करने पर मजबूर हो गए। इसके बाद ये शाम मस्तानी मदहोश किए जा, नाचेंगे सारी रात सोणियो रे गाने पर फ्यूजन प्रस्तुत कर विद्यार्थियों का दिल जीत लिया।
विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले विभिन्न देशों के छात्र-छात्राओं के अलावा साउथ कोरिया कंपनी के सीईओ और वरिष्ठ अधिकारियों ने भरपूर आनंद उठाया। इस दौरान विवि के चांसलर पीके गुप्ता और प्रो. चांसलर वाईके गुप्ता ने कहा, इस कार्यक्रम का उद्देश्य भारत और दक्षिण कोरिया के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान और समझ को बढ़ावा देना है। प्रदेश सरकार के पर्यटन और सांस्कृतिक मंत्री जयवीर सिंह ने अपने वीडियो संदेश में इस सांस्कृतिक आदान-प्रदान की तारीफ की। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की उप निदेशक प्रीति श्रीवास्तव, विवि के सीईओ प्रशांत गुप्ता, उपाध्यक्ष रिषभ गुप्ता, कुलपति डॉ. सिबाराम खारा, प्रो. वाइस चांसलर परमानंद और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।