ग्रेटर नोएडा। मोबाइल पार्ट्स और इलेक्ट्रिक उत्पाद बनाने वाली दक्षिण कोरियाई कंपनी एलेनटेक इंडिया लिमिटेड अब ग्रेनो में इकाई स्थापित करेगी। कंपनी 200 करोड़ का निवेश कर पांच हजार युवाओं को रोजगार देगी।
कंपनी को सेक्टर इकोटेक-1 एक्सटेंशन वन में तीन माह पहले दो भूखंड आवंटित किए गए थे। कंपनी दोनों भूखंडों को जोड़कर इकाई लगाना चाहती थी। कंपनी के प्रतिनिधियों ने मंगलवार को जन विश्वास दिवस में प्राधिकरण के सीईओ व मेरठ मंडलायुक्त सुरेंद्र सिंह से मिलकर भूखंडों को जोड़ने की अपील की थी। सीईओ ने उद्योग विभाग को इस पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
अब शुक्रवार को कंपनी के दो भूखंडों को जोड़ने की प्रक्रिया पूरी करते हुए चेक लिस्ट जारी कर दी गई है। लीज डीड के बाद कंपनी अपनी इकाई लगा सकेगी। कंपनी के प्रतिनिधि प्राधिकरण के एसीईओ दीप चंद्र व उद्योग विभाग के प्रभारी मयंक श्रीवास्तव से मिले और लीज डीड की प्रक्रिया को समझा। उन्होंने बताया कि कुछ और दक्षिण कोरियाई कंपनियां यहां निवेश करने की इच्छुक हैं। वे शीघ्र ही यहां इंफ्रास्ट्रक्चर व जमीन देखने आने की योजना बना रही हैं। एसीईओ दीप चंद्र ने आश्वस्त किया कि ग्रेनो में उद्योग लगाने की इच्छुक कंपनियों को त्वरित गति से हर सुविधा प्रदान की जाएगी। उन्होंने स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप आईआईटीजीएनएल की इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप के इंफ्रास्ट्रक्चर से भी अवगत कराया।