नोएडा (संवाद)। सेक्टर-21ए स्थित नोएडा इंडोर स्टेडियम में शनिवार को नाद के तहत आयोजित राष्ट्रीय स्तर की दृष्टिबाधित रैपिड शतरंज प्रतियोगिता में दिल्ली के सौरव मिश्रा विजेता बने। फाइनल मुकाबले में उन्होंने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। वहीं, अंकित गर्ग उपविजेता रहे, जबकि आकाश शर्मा ने तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता का आयोजन जुनेली इवेंट्स ने विजनएक्स स्पोर्ट्स क्लब फॉर द ब्लाइंड के सहयोग और ऑल इंडिया चेस फेडरेशन फॉर द ब्लाइंड के तकनीकी सहयोग से कराया। प्रतियोगिता में दिल्ली-एनसीआर के करीब 20 दृष्टिबाधित खिलाड़ियों ने नॉकआउट रैपिड प्रारूप में भाग लिया। सभी मुकाबले अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार आयोजित किए गए। खिलाड़ियों ने केवल रेफरी की आवाज और समय प्रबंधन के आधार पर अपनी चालें चलीं और अपनी रणनीतिक क्षमता का परिचय दिया। विजेता सौरव मिश्रा भारतीय रिजर्व बैंक में प्रबंधक हैं। वह वर्ष 2009 से प्रतिस्पर्धी शतरंज खेल रहे हैं और दृष्टिबाधित शतरंज में कई राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियां हासिल कर चुके हैं। वह विजनएक्स स्पोर्ट्स क्लब फॉर द ब्लाइंड की संचालन समिति के सदस्य भी हैं और दृष्टिबाधित खिलाड़ियों के बीच शतरंज को बढ़ावा देने का कार्य कर रहे हैं।