चार माह से बेटे ने नहीं ली खबर, घर में मिला बुजुर्ग मां का शव
या
चार माह से बेटे ने नहीं ली खबर, घर में सड़ गया मां का शव
- बेटे और पति से अलग रहती थीं सेवानिवृत महिला डाॅक्टर, 20 दिन पहले मौत की आशंका
- फोन नहीं लगने पर बीटा-1 पहुंचे गाजियाबाद निवासी बेटे-बहू, शव देखकर पुलिस को दी सूचना
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बेटे और पति से अलग रही सेवानिवृत डॉक्टर अमिया कुमारी सिन्हा (70) का शव सड़ी गली हालत में उनके घर से बरामद हुआ। करीब चार माह से उनकी बात गाजियाबाद निवासी बेटे और बहू से बात नहीं हुई थी। फोन नहीं लगने पर रविवार रात बेटे और बहू बीटा-1 स्थित घर पहुंचे थे। घर में शव देखने के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने लगभग 20 दिन पहले मौत की आशंका जताई है। वहीं, फोरेंसिक टीम ने भी मौका मुआयना कर जांच की है। करीब तीन दशक पहले महिला के पति से संबंध विच्छेद हो गए थे।
बीटा-2 थाना प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि अमिया कुमारी सिन्हा बिहार के स्वास्थ्य विभाग में डाॅक्टर थीं। उन्होंने बीटा-1 सेक्टर में घर बनाया था। बेटा प्रणव रंजन सिन्हा गाजियाबाद के वैशाली में रहता है। प्रणव और उसकी पत्नी गाजियाबाद में ही नौकरी करते हैं। प्रणव ने पुलिस को बताया कि वह कई दिनों से मां के मोबाइल पर कॉल कर रहा था। कई बार कॉल की तो फोन नहीं उठा था। उसने बताया कि मां अकसर नाराज होकर फोन उठाना बंदकर देती थी। मगर कई दिन से फोन नहीं लगने पर वह पत्नी और सास को लेकर रविवार रात बीटा-1 स्थित मां के घर पहुंचे। दरवाजा खटखटाने पर नहीं खुला। दरवाजा तोड़कर देखा तो अंदर मां का शव पड़ा हुआ था। प्रणव ने इसकी सूचना यूपी-112 पर कॉल कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। पुलिस ने अमिया का मोबाइल बरामद कर लिया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला का फोन कब से स्विच ऑफ था और उसकी आखिरी बार किससे बात हुई थी।
बेड से गिरने के बाद दम तोड़ने की आशंका
बुजुर्ग महिला डाॅक्टर का शव बेडरूम में फर्श पर पड़ा मिला। बेड पर मच्छरदानी लगी हुई थी। मच्छरदानी एक साइड से हटी हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि महिला ने बेड से गिरने के बाद दम तोड़ा था। पुलिस को महिला के घर या कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही महिला की मौत का कारण स्पष्ट होगा।
घर में सड़ता रहा शव पड़ोसियों को भी नहीं लगी भनक
करीब चार माह से महिला की बात बेटे से नहीं हुई थी। वहीं बीटा-1 सेक्टर में पड़ोस में रहने वाले लोगों को भी महिला की मौत की खबर नहीं लगी। पुलिस का कहना है कि अमिया पड़ोसियों से भी ज्यादा बातचीत नहीं करती थी। आसपास के लोगों ने भी उनकी सुध नहीं ली।
घटना की सूचना मिली थी और मौके पर पुलिस ने पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि स्वभाविक मौत लग रही है। मगर मौत के कारणों का असली पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही पता चलेगा।- अशोक कुमार शर्मा, एडीसीपी ग्रेनो जोन