ग्रेटर नोएडा। एक मूर्ति स्थित ग्रीन आर्क सोसाइटी के निवासियों ने सोसाइटी के बाहर गश्त बढ़ाने की मांग की है। सोसाइटी निवासी रश्मि पांडेय का कहना है कि सोसाइटी में एक शख्स शुक्रवार रात गैस भरवाने के लिए सोसाइटी के पास स्थित सीएनजी पंप गया था। लौटते समय रास्ते में तीन अज्ञात बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर उसकी कार लूटने की कोशिश की। बदमाश दोपहिया वाहन पर सवार थे। उन्होंने पहले एक कार को निशाना बनाया लेकिन वह स्टार्ट नहीं कर सके क्योंकि उसमें पुश-बटन स्टार्ट सिस्टम तकनीक लगी थी। जिसे वह समझ नहीं पाए। इसके बाद पास खड़ी एक दूसरी कार के चालक को भी उन्होंने पिस्टल दिखाकर डराया। घटना से घबराए पीड़ित ने सोसाइटी लौटकर ग्रुप पर इसकी जानकारी साझा की। हालांकि पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई है। अपना नाम भी साझा करने से मना कर दिया। वारदात के बाद सोसाइटी में लोग डरे हैं। निवासियों ने बिसरख कोतवाली पहुंचकर पुलिस से क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने की मांग की। एसीपी दीक्षा सिंह ने बताया कि यदि पीड़ित लिखित शिकायत देंगे तो पुलिस उचित जांच कर आवश्यक कार्रवाई करेगी। ब्यूरो