ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की निराला ग्रीनशायर सोसाइटी में बंदरों और लावारिश कुत्तों की बढ़ती संख्या से निवासी परेशान हैं। लोगों का कहना है कि बंदरों के कारण बालकनी में खड़ा होना और कपड़े सुखाना भी मुश्किल हो गया है। कई बार बंदर फ्लैटों में घुसकर सामान नुकसान पहुंचा देते हैं। निवासी कपिल ने बताया कि समस्या को लेकर कई बार बिल्डर प्रबंधन से शिकायत की गई, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि मेंटेनेंस शुल्क समय पर न देने पर जुर्माना लगाया जाता है, जबकि खुले इलेक्ट्रिकल पैनल और अन्य समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जाता। वहीं, निवासी अंकित ने बताया कि लावारिश कुत्तों के कारण बच्चे पार्क में सुरक्षित नहीं हैं। कई बार कुत्तों के हमले की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। निवासियों ने बिल्डर प्रबंधन और प्राधिकरण से जल्द कार्रवाई की मांग की है। ब्यूरो