सेक्टर-62 में विश्वकर्मा मार्ग पर हुई घटना, बस का वीडियो वायरल
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। स्लीपर बसें यात्री सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के साथ सड़कों पर भी असुरक्षा का कारण बन रही हैं। ऐसी ही घटना शनिवार रात सेक्टर-62 और 59 के बीच विश्वकर्मा रोड पर हुई। यहां पर सेक्टर-62 से 71 की ओर जा रही स्लीपर बस ने साइकिल सवार कंपनी कर्मी को टक्कर मार दी। बस का पहिया कंपनी कर्मी के पैर के ऊपर से निकल गया। राहगीरों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। टक्कर मारने वाली बस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।मिली जानकारी के मुताबिक सेक्टर-63 स्थित चोटपुर कालोनी के रहने वाले 34 वर्षीय अनिल एक कंपनी में नौकरी करते हैं। वह शनिवार रात को साइकिल से घर लौट रहे थे। सेक्टर 62 में पीछे आ रही बस का चालक तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाते हुए आया। पीछे से अनिल की साइकिल में टक्कर मारी। अनिल सड़क पर गिर गए। बस का पहिया उसके बाएं पैर से उतर गया, जबकि उसकी साइकिल क्षतिग्रस्त हो गई। लोगों ने पुलिस की मदद से अनिल को जिला अस्पताल पहुंचवाया। वहां से चिकित्सकों ने अनिल को दिल्ली सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। उसका वहां पर उपचार चल रहा है। सोमवार को पैर का आपरेशन होगा, हालत गंभीर है। एसीपी मयंक तिवारी ने बताया कि थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। ब्यूरो