कार का शीशा तोड़कर छह लाख रुपये चुराए
ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र में कार का शीशा तोड़कर छह लाख रुपये चोरी कर लिए गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने सोमवार को अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। प्लूमेरिया गार्डन एस्टेट निवासी भानु प्रताप चौधरी ने बताया कि वह 25 जून को कार से अल्फा-2 स्थित मेट्रो स्टेशन के नीचे पहुंचे थे। शाम करीब सात बजे कार पार्क की और अपने काम से चले गए। रात को वापस लौटने पर देखा कि कार का शीशा टूटा हुआ था, उसमें रखी छह लाख रुपये नकदी गायब थी। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। ब्यूरो