नोएडा। नोएडा-ग्रेनो के बीच एक्वा लाइन मेट्रो के विस्तार को दो नए रूट पर अब निर्माण शुरू करवाने की तैयारी है। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) ने सेक्टर-142 से बॉटनिकल गार्डन व डिपो से बोड़ाकी के लिए निर्माण एजेंसी का चयन किया हुआ है। अब एजेंसी लार्सन एंड टुब्रो (एल एंड टी) को कास्टिंग यार्ड के लिए जगह दी जानी है। इसके लिए तीन जगहें एनएमआरसी ने चिह्नित की हैं। अब आगे निर्माण एजेंसी को इनमें से किसी एक का चयन करना है। इसको लेकर एनएमआरसी की तरफ से पत्र भेजकर निर्माण एजेंसी से कोई एक जगह जल्द चयन करने के लिए कहा गया है। सेक्टर-142 से बॉटनिकल गार्डन मेट्रो रूट पर 8 स्टेशन वहीं डिपो से बोड़ाकी तक जुनपत और बोड़ाकी होंगे। दोनों रूट के लिए एलिवेटेड 14.16 किलोमीटर एलिवेटेड ट्रैक और 10 मेट्रो स्टेशनों का निर्माण 1200 करोड़ रुपये की लागत होगा। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के एमडी कृष्ण करुणेश ने बताया कि निर्माण एजेंसी को कास्टिंग यार्ड के लिए संयुक्त निरीक्षण करवाया जा चुका है। तीन में से एक जगह का चयन इसी हफ्ते होना है। ब्यूरो