दादरी (संवाद)। जारचा रोड पर शाहपुर खुर्द गांव की पुलिया के पास से जांच के दौरान पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चांदी के दो छत्र बरामद किए हैं। पुलिस चोरी किए अन्य सामान के बारे में पूछताछ कर रही है। प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि दादरी कोतवाली क्षेत्र के जारचा रोड पर शाहपुर खुर्द गांव की पुलिया के समीप पुलिस जांच कर रही थी। जांच के दौरान दिल्ली के कल्याणपुरी निवासी राजू सिंह उर्फ सोनू पैदल जा रहा था। पास आते ही पुलिस ने रोक लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से चाकू व चांदी के दो छत्र मिल गए। पुलिस ने पूछताछ की तो जवाब नहीं दे सका। पुलिस आरोपी को पकड़कर कोतवाली ले गई। गहन पूछताछ में बताया कि एक माह पूर्व बिसाहड़ा रोड स्थित प्राचीन विशाल मंदिर से चांदी के छत्र चोरी किए थे। वह छत्र बेचने के लिए ले जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो छत्र बरामद कर लिए।