ग्रेटर नोएडा (संवाद)। नॉलेज पार्क-दो स्थित जीएनआईओटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में संस्थापक दिवस एवं रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में शुक्रवार से छह दिवसीय समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह के तहत मैराथन, रक्तदान शिविर, सिल्वर जुबली बॉटनिकल पार्क का उद्घाटन, स्पोर्ट्स मीट, एचआर काउंसिल मीट, एलुमनी मीट, ‘नेकी की दीवार’ जैसी सामाजिक पहल और अंतिम दिन संस्थापक दिवस समारोह आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी बृहस्पतिवार को संस्थान के निदेशक डॉ. धीरज गुप्ता ने दी। उन्होंने बताया कि आयोजन का उद्देश्य स्वास्थ्य जागरूकता, फिटनेस और सामूहिक एकता को बढ़ावा देना है। इसी क्रम में मैराथन, रक्तदान शिविर और स्पोर्ट्स मीट जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जीएनआईओटी के अध्यक्ष डॉ. राजेश गुप्ता, उपाध्यक्ष गौरव गुप्ता, एमबीए संस्थान के निदेशक अंशुल शर्मा, ग्रुप रजिस्ट्रार अनिल माधवाल, जीआईपीएस की प्रधानाचार्य डॉ. सविता मोहन और निदेशक भूपेंद्र कुमार सोम आदि ने भी समारोह की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी साझा की।