नगर पंचायत बढनीचाफा मुख्य बाजार में रामलीला का मंचन करते कलाकार। संवाद
भवानीगंज। नगर पंचायत बढ़नी चाफा मुख्य बाजार में स्थित रामदीन जूनियर हाईस्कूल के मैदान में आदर्श श्रीरामलीला समिति के तत्वावधान में चल रहे 11 दिवसीय रामलीला में कलाकारों ने बुधवार रात लक्ष्मण शक्ति प्रसंग का मनमोहक मंचन किया गया। इस प्रसंग को देखकर दर्शक भावविभोर हो उठे। मंचन में दिखाया गया कि मेघनाद के बाण से लक्ष्मण मूर्छित हो जाते हैं। उनके घायल होने पर समूचे रामसेना शिविर में शोक छा जाता है। भगवान श्रीराम के दुख से दर्शकों की आंखें नम हो गईं। इसके बाद हनुमान के संजीवनी पर्वत लाने का प्रसंग बड़े ही रोचक ढंग से प्रस्तुत किया गया। कलाकारों के सजीव अभिनय और संवादों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मंचन के दौरान बार-बार तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठी। कार्यक्रम का संचालन मुन्नालाल गुप्ता ने किया। अंत में अध्यक्ष रामनेवास यादव ने सभी कलाकारों की सराहना की। दर्शकों ने कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजन समाज में मर्यादा, भक्ति की भावना को सशक्त करते हैं।