ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर के दो वुशू खिलाड़ी श्रेया भाटी और रोहन वर्मा ने जॉर्जिया में पुरुष व महिला वर्ग में आयोजित हुई बाटुमी एम अंतरराष्ट्रीय वुशू चैंपियनशिप में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने सांडा स्पर्धा में एक स्वर्ण समेत दो पदक हासिल किए। राष्ट्रीय स्तर की वुशू चयन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर दोनों का भारतीय टीम में चयन हुआ था। पदक जीतने पर परिवार, अकादमी व जिले में खुशी की लहर हैं। जॉर्जिया के बाटुमी शहर में 30 जुलाई से 4 अगस्त तक आयोजित इस प्रतियोगिता में कई देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। महिला वर्ग के 52 किग्रा भार वर्ग में ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र के कचेड़ा गांव निवासी श्रेया भाटी ने स्वर्ण पदक जीता। वहीं, पुरुष वर्ग के 60 किग्रा भार वर्ग में दादरी निवासी रोहन वर्मा ने कांस्य पदक अपने नाम किया। श्रेया भाटी दादरी स्थित गोल्डन वुशू अकादमी में कोच आनंद भाटी के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लेती हैं, जबकि रोहन वर्मा सादोपुर झाल स्थित ब्लू डायमंड अकादमी में कोच अमित रौसा की देखरेख में अभ्यास करते हैं। जिला वुशू एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. सुशील राजपूत और सचिव अजय शर्मा ने बताया कि दोनों खिलाड़ियों ने देहरादून में भारतीय टीम के चयन के लिए आयोजित राष्ट्रीय ट्रायल में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी जगह पक्की की थी। इसी प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन बाटुमी एम अंतरराष्ट्रीय वुशू चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ। भारतीय दल के 44 खिलाड़ियों में शामिल दोनों खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक जीतकर देश और गौतमबुद्ध नगर का गौरव बढ़ाया है।