पिनगवां में दुकानदारों द्वारा हटाए गए टीनशेड
- फोटो : Mewat
दुकानदारों ने खुद ही हटाया अतिक्रमण, एसडीएम ने जारी किए थे नोटिस
पिनगवां। एसडीएम कुलबीर सिंह ढाका के नोटिस के बाद बुधवार को कस्बा पिनगवां में नगीना-होडल रोड पर लगे अतिक्रमण को दुकानदारों ने खुद ही हटा लिया।
दुकानदार रवि बत्रा और फजरुद्दीन का कहना है कि नगीना रोड पर कस्बा पिनगवां में एक बरसाती व गंदे पानी का नाला है, जो दुकानों से कुछ दूरी पर है। यह नाला सड़क से काफी ऊंचा है। इस कारण कोई भी वाहन नाले पर चढ़ नहीं सकता है। तत्कालीन एसडीएम और अधिकारियों ने सभी दुकानदारों को पिनगवां पुलिस चौकी में बैठाकर आदेश दिया था कि कोई भी दुकानदार नाले से आगे अतिक्रमण या तीन शेड नहीं लगाएगा। एसडीएम ने दुकानों के सामने और नाले के अंदर-अंदर टीन शेड लगाने की मौखिक इजाजत दे दी थी। दुकानदारों की टीन शेडों को लगे कई साल बीत गए हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि नाले से अंदर तक उनकी टीन शेडों को लगाने की इजाजत दी जाए। एसडीएम कुलबीर सिंह ढाका का कहना है कि सड़क के दोनो ओर अतिक्रमण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लोगों ने खुद ही अपने अतिक्रमण हटाए तो अच्छा है, नहीं तो विभाग उनको खुद हटाता। बता दें कि एसडीएम कुलबीर सिंह ढाका ने पांच दिन पहले पुन्हाना और पिनगवां में नगीना-होडल रोड पर दो दिन में अतिक्रमण हटाने बारे दुकानदारों को नोटिस जारी किए थे।