मेरठ। कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलने से उत्साहित माध्यमिक शिक्षकों ने अपनी अन्य मांगों को पूरा कराने की रणनीति बनानी शुरू कर दी है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट की जिला कार्यकारिणी की रविवार को होने वाली बैठक में रणनीति बनाई जाएगी। इस गुट के जिला मंत्री डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि बैठक रविवार को गढ़ रोड स्थित डॉ. आंबेडकर इंटर कॉलेज में होगी। इसमें पुरानी पेंशन बहाली, शिक्षकों की सेवा सुरक्षा संबंधी धारा बहाल करने आदि मामलों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही आगामी शिक्षक व स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर भी रणनीति बनाई जाएगी। बैठक में जिलाध्यक्ष गजेंद्र वर्मा के साथ ही जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी, सदस्य, इकाई अध्यक्ष एवं इकाई मंत्री भाग लेंगे। संवाद