ग्रेटर नोएडा (संवाद)। पद्मिनी एकादशी पर बुधवार को धार्मिक आस्था और सेवा का माहौल देखने को मिला। भीषण गर्मी के बीच शहर के विभिन्न इलाकों में श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों द्वारा शरबत वितरण किया गया। राहगीरों, मजदूरों और वाहन चालकों को ठंडा शरबत पिलाकर राहत पहुंचाई गई। सुबह से ही प्रमुख चौराहों, मंदिरों और बाजार क्षेत्रों में सेवा शिविर लगाए गए थे। युवाओं और महिलाओं ने भी सेवा कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कई स्थानों पर भक्तिमय भजनों के बीच श्रद्धालुओं ने लोगों को शरबत वितरित किया।