नोएडा। निठारी गांव में मां की दवाई को लेकर दो भाइयों में विवाद हो गया। इसमें एक भाई ने फायरिंग कर दी। हालांकि गोली किसी को नहीं लगी। फायरिंग के बाद आरोपी फरार हो गया। मंगलवार दोपहर को हुई इस घटना के बाद कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। एसीपी प्रवीण सिंह ने बताया कि मंगलवार दोपहर निठारी गांव के गली नंबर-9 में फायरिंग होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। वहां पता चला कि मनोज शर्मा अपने पैतृक मकान के भूतल पर परिवार के साथ रहते हैं और पहली मंजिल पर मनोज के भाई प्रदीप शर्मा रहते हैं। मां रामवती देवी मनोज शर्मा के साथ रहती हैं। मंगलवार को रामवती ने मनोज शर्मा से दवाई दिलवाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर मनोज और प्रदीप में विवाद हो गया। इसके बाद प्रदीप ने मनोज के ऊपर फॅायरिंग कर दी। फायरिंग के बाद प्रदीप तुरंत मौके से फरार हो गया। एसीपी का कहना है कि पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। ब्यूरो