निवेश में मोटे मुनाफे का लालच देकर युवक से 27 लाख रुपये की साइबर ठगी
- रकम दो गुनी करने का दिया गया झांसा, साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। साइबर जालसाजों ने निवेश पर रकम दोगुनी करने का झांसा देकर एक युवक से 27 लाख रुपये की ठगी कर ली। बिसरख निवासी सत्यम सिंह ने पुलिस से शिकायत की है कि कुछ समय पहले उनके मोबाइल पर एक लिंक भेजा गया था। लिंक खोलने पर उन्हें कम समय में पैसा दोगुना करने का दावा किया गया। अधिक कमाई की उम्मीद में उन्होंने अलग-अलग तारीखों में आरोपियों द्वारा बताए गए बैंक खातों में रकम जमा करनी शुरू कर दी। पीड़ित के मुताबिक, उसने स्मॉल फाइनेंस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और बंधन बैंक के खातों में कुल 27 लाख रुपये ट्रांसफर किए। कुछ दिन बाद जब उन्होंने अपनी रकम वापस लेने की कोशिश की तो आरोपियों ने जवाब देना बंद कर दिया। इसके बाद उन्हें अहसास हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं। सत्यम सिंह ने बताया कि पहले उन्होंने साइबर हेल्पलाइन और साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय की शरण ली। अदालत के आदेश के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।
डीसीपी साइबर शैव्या गोयल ने बताया कि पुलिस संबंधित बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और लेनदेन से जुड़े डिजिटल रिकॉर्ड की जांच कर रही है।