नोएडा। फेज-2 थाना क्षेत्र में दो किशोरियों के लापता होने की सूचना है। इलाहाबास गांव से 14 वर्षीय किशोरी 23 अक्तूबर से लापता है, जबकि याकूबपुर से 16 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में पुलिस ने आरोपी नदीम को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित पिता अपने परिवार के साथ इलाहाबास गांव में किराये पर रहते हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी 14 वर्षीय बेटी 23 अक्तूबर को बिना बताए घर से कहीं चली गई। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, याकूबपुर में रहने वाले पीड़ित ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार को वह किसी काम से घर से बाहर गए थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला नदीम उनकी 16 वर्षीय बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। थाना प्रभारी राघवेंद्र सिंह के अनुसार, आरोपी नदीम को गिरफ्तार कर लिया गया है।