नोएडा। सेक्टर-93 एटीएस विलेज सोसाइटी में एक फ्लैट से नकदी और चांदी के सिक्के चोरी होने की घटना सामने आई है। फ्लैट मालिक की शिकायत पर पुलिस ने फेज-2 थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरी का संदेह घरेलू सहायिका और कूड़ा उठाने वाले व साफ-सफाई का काम करने वाली महिला पर जताया है। थाना पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक दी गई शिकायत में अंकित गुप्ता ने बताया है कि वह परिवार के साथ फ्लैट में रहते हैं। 18 अक्टूर को दिवाली पर वह गांव गए थे। वापस 22 अक्टूबर को नोएडा फ्लैट पर आए तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई। अलमारी में रखे 1.5 लाख रुपये और 3 चांदी के सिक्के गायब थे। थाना प्रभारी विंध्याचल तिवारी ने बताया कि जांच की जा रही है लगाए गए आरोपों की पड़ताल जारी है। ब्यूरो